आगरा में हाड़ कंपा देने वाली ठंड से आम जनमानस बेहाल है। ऐसे में प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत दी है। भीषण सर्दी के प्रकोप को देखते हुए एक बार फिर से स्कूल-कॉलेजों का अवकाश बढ़ा दिया गया है।
वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध कालेजों व संस्थानों में शिक्षण कार्य बंद रखने का आदेश जारी किया है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. गिरजाशंकर शर्मा के मुताबिक कार्यालय खुलेंगे और परीक्षा कार्यक्रम भी यथावत रहेगा।
जिला प्रशासन ने 12वीं तक के सभी स्कूल-कॉलेज के लिए एक जनवरी (बुधवार) का अवकाश घोषित किया है, वहीं गुरुवार को गुरु गोविंद सिंह जयंती के उपलक्ष्य में अवकाश है। अब स्कूल शुक्रवार यानि तीन जनवरी को खुलेंगे।
अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी ने पत्र जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि नर्सरी से 12वीं तक संचालित सभी परिषदीय, अनुदानित, मान्यता प्राप्त, राजकीय, कान्वेंट, मिशनरीज स्कूल 1 जनवरी, 2020 को बंद रहेंगे।