कड़ाके की ठंड से आम जनमानस बेहाल है। पारा चार डिग्री तक पहुंचने पर प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत दी है। ठंड के तल्ख तेवर देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर से स्कूलों के अवकाश बढ़ाएं हैं। जिला प्रशासन ने 12वीं तक के सभी स्कूलों के लिए 31 दिसंबर का अवकाश घोषित किया है। अब स्कूल सोमवार को खुलेंगे।
अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी ने पत्र जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि नर्सरी से 12वीं तक संचालित सभी परिषदीय, अनुदानित, मान्यता प्राप्त, राजकीय, कान्वेंट, मिशनरीज स्कूल 31 दिसंबर 2019 को बंद रहेंगे।
स्कूलों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन किए जाने का भी निर्देश दिया गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरे और शीतलहर से राहत नहीं मिलने की संभावनाएं व्यक्त की हैं। पूर्वनुमान है कि 31 दिसम्बर से तीन जनवरी के बीच सर्द हवाओं के साथ बारिश भी पड़ सकती है।
रविवार को मौसम के तेवर पिछले दिनों जैसे ही रहे। गलनभरी हवाओं ने दिन भर शूल चुभोए। धूप भी लोगों को राहत नहीं दे सकी। प्रशासन ने सर्दी के चलते स्कूलों का 31 दिसम्बर का अवकाश घोषित कर दिया।