मैनपुरी जिले में एक शिक्षक तबादले के विरोध में स्कूली बच्चे सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों के साथ ये बच्चे कलेक्ट्रेट पहुंचे और शिक्षक का तबादला रोके जाने के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
मामला बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम धर्ननेर स्थित प्राथमिक विद्यालय का है। इस विद्यालय में तैनात अमित सिंह यादव का तबादला कर दिया गया। तबादला होने पर स्कूल के बच्चों और ग्रामीणों को खासा दुख हुआ।
ग्रामीणों ने शिक्षक का तबादला रुकवाने की ठान ली। सोमवार को दर्जनों ग्रामीण स्कूली बच्चों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और शिक्षक के तबादले का विरोध किया। उन्होंने मांग की कि शिक्षक का तबादला रोका जाए।
प्रदर्शनकारी बच्चों ने स्पष्ट कहा कि जब तक शिक्षक को वापस स्कूल में नहीं भेजा जाएगा तब तक वे घर नहीं जाएंगे। इस पर डीएम प्रदीप कुमार ने बच्चों को आश्वासन दिया। इसके बाद बच्चे वापस चले गए।