फतेहाबाद फोटो।नाथूपुरा गांव में सड़क पर भरे में पानी में फिसलने से तालाब की तरफ झुकी स्कूल की ब
फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव नाथूपुरा में बारिश के कारण तालाब का पानी सड़क पर भर जाने से सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। बच्चों को छोड़ने जा रही एक स्कूल बस सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में फिसलकर तालाब की ओर झुक गई। बस के झुकते ही उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे फतेहाबाद के एक विद्यालय की बस बच्चों को लेकर निबोहरा क्षेत्र के गांवों में छोड़ने जा रही थी। नाथूपुरा गांव के पास तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर भर गया था। इसी दौरान सामने से एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बस का पहिया पानी में धंसी सड़क की ओर चला गया और बस तालाब की तरफ झुक गई। इससे बस में बैठे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में सवार बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला गया गनीमत रही की बस पलटी नहीं नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
कई बार शिकायत के बावजूद भी अधिकारियों नहीं सुनी
ग्रामीण लोकेंद्र ने बताया कि लगातार बारिश के कारण तालाब का पानी कई दिनों से सड़क पर बह रहा है। सड़क पर घुटनों तक पानी भरा रहने से रास्ते का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन बाइक सवार और स्कूली बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं। उनका कहना है कि बस चालक को भी पानी में धंसी सड़क का अंदाजा नहीं लग पाया, जिसके कारण बस तालाब में पलटने बच गई। सड़क पर जलभराव की समस्या पर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।