कालोनियों के हस्तांतरण मामले में अब स्थानांतरित हो चुके अफसरों, कर्मचारियों से जवाब तलब किया जा रहा है। उनसे न सिर्फ हस्तांतरण से संबंधित फाइलों का ब्यौरा मांगा जा रहा है बल्कि इससे जुड़े अन्य तथ्यों की भी पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि पिछले दिनों नगर निगम सीमा से बाहर कुछ कालोनियों के हस्तांतरण का मामला उजागर हुआ था। इसकी जांच कर रहे अपर नगर आयुक्त राम सिंह गौतम ने कर्मियों से पूछताछ की, तो तत्कालीन नगर आयुक्त के फर्जी हस्ताक्षर से इन कालोनियों को हस्तांतरित किया जाना मिला। यहां से स्थानांतरित हो चुके कर्मचारियों और अधिकारियों से भी इस मामले में पूछताछ की गई है। कर्मचारियों ने बताया था कि तत्कालीन मुख्य अभियंता सुरेश चंद्रा को हस्तांतरित कालोनियों की फाइल सौंप दी थी।
नियमों की अनदेखी पड़ेगी भारी
नगर निगम सीमा के बाहर कालोनियों के हस्तांतरण के साथ ही अधिकारियों ने अब उन कालोनियों की फाइल भी खोल दी है, जिन्होंने नगर निगम सीमा के भीतर बिना विकास कराए कालोनियों का हस्तांतरण करा लिया। सूत्रों के मुताबिकफिलहाल ऐसी दो कालोनियों के नाम प्रकाश में आए हैं।
जल्द जारी होंगे आरोप पत्र
टैक्स घोटाले में दोषी पाए गए छह कर्मचारियों के आरोप पत्र जल्द जारी होंगे। बता दें कि पिछले साल लोहामंडी वार्ड में हाउस टैक्स घोटाला उजागर हुआ था। अपर नगर आयुक्त राम सिंह गौतम ने बताया कि संलिप्त कर्मचारियों ने न सिर्फ प्रॉपर्टियों का मनमुताबिक असिस्टमेंट किया, बल्कि उनके नंबर ही बदल दिए। अधिकारियों की अनुमति के बिना बिल भी लगा दिए।