मैनपुरी/औंछा। सहकारी समितियों पर लगातार गबन के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला अब विकास खंड घिरोर की साधन सहकारी समिति तिसाह में सामने आया है। यहां सचिव ने लाखों रुपये का घोटाला कर लिया। मामला खुलने पर सचिव के खिलाफ थाना औंछा में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
साधन सहकारी समिति तिसाह में सचिव के पद पर रमेश सिंह की तैनाती है। जांच में पता चला कि उन्होंने ऋणी सदस्यों से वसूली के चार लाख 25 हजार 953 रुपये बैंक में जमा नहीं किए। वहीं डीएपी उर्वरक और गेहूं बीज की बिक्री के दो लाख 24 हजार 581 रुपये का भी गबन कर लिया।
सचिव ने कुल छह लाख पचास हजार 534 रुपये का गबन कर लिया। ये धनराशि सचिव को वसूल कर सहकारी बैंक के खाते में जमा करनी थी। धनराशि जमा न होने पर जब मामले की जांच हुई तो पूरा घोटाला सामने आ गया। मामले में सहकारी बैंक औंछा के प्रबंधक श्याम सिंह ने थाना औंछा में सचिव रमेश सिंह के खिलाफ घोटाले की एफआईआर दर्ज कराई है।
सहकारी बैंक के प्रबंधक की तहरीर पर सचिव रमेश सिंह के खिलाफ घोटाले की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर ही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
ओमप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर औंछा।