मैनपुरी के बादशाहपुर निवासी अमीर सिंह का अपने पिता व भाई से जायदाद को लेकर विवाद चल रहा था। यह बात मृतक के साले ने पुलिस को बताई है। पुलिस भी अब तक की जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद या रंजिश की बात से इंकार नहीं कर रही है। युवक की हत्या बेरहमी के साथ की गई। घिरोर के गांव बादशाहपुर निवासी ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अमीर सिंह घर से बैंक जाने की कहकर निकला था। ऐसे में कार से अमीर सिंह दन्नाहार क्षेत्र में जौहरी नगर नहर के पास कैसे पहुंच गया। इस दौरान वह किसी के साथ था या उसे कोई जबरन लेकर गया था। हत्या के बाद पुलिस इन सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
जांच में सामने आए अहम तथ्य
घटनास्थल पर पुलिस ने कार का भी बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जिस तरह से अमीर की हत्या की गई, उसे देख कर लगता है कि किसी की मृतक से गहरी रंजिश रही होगी तभी तो सीने में चाकू से कई दफा वार किए गए। एसपी कमलेश दीक्षित का कहना है कि सुराग हाथ लगे हैं, जल्द हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
फोरेंसिक टीम ने लिए नमूने
हत्या जिस स्थान पर की गई वहां फोरेंसिक टीम के एक्सपर्ट ने पहुंचकर जांच की। मौके से कुछ नमूने भी लिए गए। खोजी कुत्ता भी घटनास्थल पर सुरागकशी करता नजर आया। पुलिस ने नहर के आसपास काफी देर तक घटना से जुड़े सुराग आदि की तलाश की। कुछ खास हाथ नहीं लग सका।
हत्याकांड में पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
एसपी मैनपुरी कमलेश दीक्षित का कहना है कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।