ग्वालियर हाईवे के सैंया स्थित कटी चौकी पुल के पास से शुक्रवार शाम सराफ छदामी लाल वर्मा (50) का अपहरण हो गया। यह सूचना उन्होंने खुद फोन करके अपने भाई को दी। परिजनों को उनकी बाइक, बैग और एक जूता कटी चौकी पुल के पास रेलवे कॉरीडोर में पड़ा मिला। अपहरण की सूचना पर एसएसपी सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। छदामी लाल वर्मा घटिया आजम खां (हरीपर्वत) के रहने वाले हैं। मूलत: इरादनगर थाना क्षेत्र के गांव बृथला के निवासी हैं। गांव में ही उनकी सीएल वर्मा नाम से ज्वैलर्स की दुकान है। वह प्रतिदिन दुकान बंद करके अपने घर लौटते हैं। शाम करीब 7:32 पर उन्होंने अपने भाई थान सिंह को फोन किया। इसके बाद अपहरण की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। हाईवे पर जाम लगाने का ही प्रयास किया।