आगरा के सदर के देवरी रोड पर सोमवार शाम को एक सराफ ने दुकान के बाहर लाइसेंसी रिवाल्वर से दो फायर किए। इससे आसपास लोग दहशत में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सराफ को पकड़ लिया। रिवाल्वर भी बरामद कर ली।
एसीपी सदर डाॅ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि देवरी रोड निवासी संजय सोनी की घर के पास ही सोने-चांदी के जेवरात की दुकान है। उस पर आसपास के दुकानदारों की 4 से 5 लाख रुपये की देनदारी है। सोमवार शाम को वह दुकान के बाहर आया। अचानक अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग करने लगा। पुलिस पहुंची तो वह नशे में मिला। उससे रिवाल्वर और मौके से खोखे बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ पुलिस की तरफ से केस दर्ज किया जा रहा है। वहीं लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी भेजी जा रही है।