बाह। सफला एकादशी पर सोमवार को बटेश्वर में लोगों ने सुख-समृद्धि और सफलता के लिए यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई। भगवान विष्णु, शिव-पार्वती और तुलसी को पूजकर दीपदान किया। व्रत उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं ने साधु-संतों को भोजन कराकर अन्न, वस्त्र, तिल, गुड़ एवं कंबल के दान का पुण्य अर्जित किया। ज्योतिषाचार्य शिवशरण पाराशर ने बताया कि मान्यता है कि सफला एकादशी का उपवास रखकर की जाने वाली पूजा एवं दीपदान से घर में सुख-समृद्धि आती है। परेशानी और असफलता से मुक्ति मिलती है, बिगड़े काम बनते हैं, सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। इसी मान्यता के चलते सोमवार को बटेश्वर के घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। यमुना स्नान कर गौरीशंकर मंदिर में भगवान विष्णु, शिव-पार्वती की पूजा की। तुलसी को पूजकर दीपदान किया। पुजारी जयप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि सकारात्मक ऊर्जा के संचार एवं धन्य-धान्य में वृद्धि के लिए श्रद्धालुओं ने तुलसी का पूजन किया, दीपदान किया, परिक्रमा लगाई। सोमवार को दोपहर तक यमुना स्नान, मंदिर में अनुष्ठान एवं दीपदान के लिए श्रद्धालु बटेश्वर के मंदिर पर आते रहे। संवाद