संजय दत्त ने ब्रह्मलाल जी मंदिर में टेका मत्था
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बटेश्वर में फिल्म भूमि की शूटिंग से पहले बुधवार को अभिनेता संजय दत्त ने ब्रह्मलाल जी मंदिर में पूजा की। बाद में 101 शिव मंदिर शृंखला के घाट और यमुना नदी में फिल्म के लिए गाने की शूटिंग की गई। अभिनेता संजय दत्त और फिल्म की नायिका अदिति राव हैदरी को देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
डायरेक्टर उमंग कुमार के निर्देशन में बन रही फिल्म भूमि की शूटिंग बुधवार को बटेश्वर की एतिहासिक शिव मन्दिर शृंखला पर शुरू हुई। उन्होंने बताया कि पिता और पुत्री की कहानी को फिल्म में रेखांकित किया गया है। पिता की भूमिका में संजय दत्त हैं तो पुत्री की भूमिका में अदिति राव हैदरी हैं। बटेश्वर के घाट, मन्दिर और यमुना नदी में फिल्म के लिए गाने की शूटिंग की गई। इससे पहले संजय दत्त बुधवार की सुबह ब्रह्मलाल जी मंदिर में पहुंचे और विधि विधान से पूजा की। बाद में मंदिर के महंत से बटेश्वर तीर्थ के इतिहास के बारे में जानकारी ली। संजय दत्त यह जानकर आश्चर्यचकित हो गए कि भदावर नरेश बदन सिंह ने एक कोस लंबा बांध बनवाकर यमुना की धारा को बदल दिया। मंदिर शृंखला इसी बांध पर बनी हुई है। शूटिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। लाइट, कैमरा, ऐक्शन के साथ ही भीड़ की निगाहें फिल्म के शूट किए जाने वाले दृश्यों पर टिकी रही।