आगरा। राजेश्वर महादेव मंदिर, शमशाबाद रोड पर सावन के पहले सोमवार को लगने वाले मेले में सफाई व्यवस्था के लिए तीन शिफ्टों में सफाईकर्मी तैनात किए जाएंगे। 24 घंटे सफाई के लिए सुबह, दोपहर और रात्रि की शिफ्ट में सफाई मित्र और कर्मचारी तैनात रहेंगे जो मेला परिसर, मंदिर मार्ग, पार्किंग और आवागमन के प्रमुख रास्तों पर सफाई करेंगे।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार मोबाइल टॉयलेट स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से दो मोबाइल शौचालय पहले ही लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष दो मोबाइल शौचालय रविवार सुबह लगाए जाएंगे। मेला परिसर में बड़े डस्टबिन लगाए हैं, ताकि श्रद्धालु कचरा इधर-उधर न फेंकें। यह मेला पॉलिथीन मुक्त रहेगा। इसके लिए दुकानदारों को जागरूक किया गया है।
-
कांवड़ यात्रा और परिक्रमा के लिए नगर आयुक्त ने लिया जायजा
शनिवार शाम को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों के साथ शिवालयों और परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने परिक्रमा मार्ग, बल्केश्वर मंदिर, यमुना घाटों तथा कैलाश मंदिर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई अभियान चलाने, स्ट्रीट लाइट लगाने, सड़कों पर पैचवर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने यमुना नदी के किनारे घाटों पर बैरिकेडिंग लगाने, फिसलन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और लाइटें लगाने के लिए कहा है। बल्केश्वर और कैलाश मंदिर पहुंचकर नगर आयुक्त ने मंदिर प्रबंधन समिति और पुजारियों से बातचीत की।