मैनपुरी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रविवार को करहल और मैनपुरी क्षेत्र में छापे मारी की। इस दौरान मावा और छैना के तीन नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। वहीं अन्य दुकानदारों को साफ-सफाई और नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामसुंदर पटेल के नेतृत्व में एक टीम रविवार को करहल पहुंची। यहां अरविंद सक्सेना के घर पर विक्रय के लिए मावा का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने जांच के लिए मावा के नमूने भरे। इसके बाद टीम अंडनी में जसवंत बघेल के प्रतिष्ठान पर पहुंची। यहां छैना का बड़े पैमाने पर निर्माण कराया जा रहा था। टीम ने दैना के दो नमूने जांच के लिए भरे। लाइसेंस न मिलने और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न होने पर नोटिस जारी किया है। वहीं शहर के भांवत रोड स्थित बृजेश शर्मा किराना स्टोर पर कालातीत पदार्थ मिलने पर उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए। टीम ने एक सप्ताह बाद दोबारा दुकान का निरीक्षण करने की बात कही। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके वर्मा, डॉ. राजीव कुमार और एसबी सिंह मौजूद रहे।