कासगंज। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को विकास एवं निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें निर्माण एवं विकास के कार्यों में शत प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति के डीएम ने निर्देश दिए। पटियाली के राजकीय इंटर कॉलेज में गुणवत्ता खराब होने की शिकायत पर नाराजगी जताई।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि अधिकांश योजनाओं में जिले को ए कैटेगरी मिली है। सभी योजनाओं में प्रत्येक दशा में शतप्रतिशत लक्ष्य पूर्ण कर उपलब्धि हासिल करना है। अधिकारी सुबह 9:30 बजे से अपने कार्यालयों में बैठकर जनसुनवाई करें। राजकीय इंटर कालेज पटियाली के निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत मिलने पर डीएम ने जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।
कर करेत्तर में वाणिज्यकर, आबकारी, स्टांप कर एवं अन्य मदों की समीक्षा की। जिनकी आरसी लंबित हैं, उनका तहसीलों से मिलान कराकर राजस्व वसूली कराएं। क्रमिक और वार्षिक लक्ष्य शतप्रतिशत पूर्ण करें। जिन सरकारी विभागों पर बिजली बिल बकाया है, अपने मुख्यालयों से संपर्क कर भुगतान की व्यवस्था कराएं। पात्रों के प्रतिदिन आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनवाएं। बैठक में सीडीओ तेज प्रताप मिश्र, एडीएम एके श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, पीडी डीआरडीए रामायण सिंह यादव, डीएफओ दिवाकर वशिष्ठ, डीपीआरओ शहनाज अंसारी, सीवीओ राजेंद्र खोखर, डीएसओ सत्यवीर सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।