कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों का समाजवादी पार्टी ने पुरजोर समर्थन किया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर कासगंज में सपा कार्यकर्ताओं ने किसान जागरण यात्रा निकालना शुरू किया तो पुलिस प्रशासन ने घेरा बनाकर सपाइयों को रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने सपा जिलाध्यक्ष के घर के बाहर कासगंज-बरेली मार्ग पर बैठकर जाम लगा दिया और जमकर केंद्र सरकार विरोधी नारेबाजी की। इधर अफसरों ने प्रदर्शनकारियों को शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए सड़क से हटा दिया।
विज्ञापन
सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र यादव के नेतृत्व में सपाई सुबह बिलराम गेट पर एकत्रित हुए। यहां जिलाध्यक्ष के घर के बाहर 11 बजे किसान जागरण यात्रा निकालना प्रारंभ कर दिया। एसडीएम ललित कुमार, सीओ सिटी आरके तिवारी पुलिस पीएसी बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के चारों ओर घेरा बना लिया और अफसरों ने यात्रा रोक दी। सपाई पुलिस के घेरे में नजरबंद किए गए। इधर प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ता कासगंज-बरेली मुख्य मार्ग पर सड़क पर बैठ गए, जिससे जाम लग गया। अधिकारियों ने शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए सपाईयों को सड़क से हटने को कहा। लगभग आधे घंटे बाद सपा कार्यकर्ता अफसरों की बात मान गए और सड़क से हट गए।
इसके बाद जिलाध्यक्ष के आवास पर बैठक हुई। जिसमें जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तक किसानों की मांगें नहीं मानी जाएंगी तब तक समाजवादी पार्टी किसानों के साथ आंदोलन में शामिल रहेगी। इस दौरान प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी, वरिष्ठ जिलासचिव लक्ष्मनसिंह यादव, देवेन्द्र लोधी, हरिओम शर्मा, सौरभ यादव, अभिषेक यादव, विशाल कश्यप, मनोज यादव, विक्रम सिंह राना, असद हुसैन, अख्तर पठान, बृजेश यादव पहलवान, अभय यादव, अजय यादव बहेड़िया, ललित मिश्रा सपा मीडिया प्रभारी, अमरीश यादव जिलाध्यक्ष नौजवान सभा, रिंकू यादव, अखिलेश यादव, अशोक यादव, विनीत सविता, मुनेंदर शाक्य, देवेंद्र सिंह यादव, डॉ. वी के राजपूत, डॉ. मनोज यादव, सीता शर्मा, डॉ वाहिद अली, डॉ के पी यादव, पुष्पेंद्र यादव, रामनरेश यादव, विनीत सविता, देवेश यादव, ओमपाल बघेल, मथुरा सिंह, संजय यादव, विशाल यादव, राजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में सपाई मौजूद रहे।