एसएसपी समेत 24 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह ने याचिका पेश की। लेकिन मानवाधिकार न्यायालय से भी सपा नेता को राहत नहीं मिली। न्यायालय ने उनकी याचिका को खारिज कर दिया।
अपनी याचिका में जसरथपुर थाने के गांव अमृतपुर रघूपुर निवासी जुगेंद्र सिंह ने अदालत को बताया कि उनके खिलाफ षड़यंत्र के तहत फर्जी मुकदमे लिखाए जा रहे हैं। अपने मानवाधिकारों की रक्षा के लिए अदालत से उन्होंने ऐसी कार्रवाई को रोकने व मुकदमे लिखाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की।
अर्जी का विरोध करते हुए विशेष लोक अभियोजक रेशपाल सिंह राठौर ने बताया कि जो भी कार्रवाई हो रही हैं, विधि सम्मत हैं। अदालत में याची के अधिवक्ता एवं विशेष लोक अभियोजक के मध्य हुई बहस के बाद मानवाधिकार न्यायालय के न्यायाधीश अपर जिला जज नरेंद्र कुमार सिंह ने जुगेंद्र सिंह की याचिका को निरस्त कर दिया।