किशनी (मैनपुरीे)। वर्ष का पहला संपूर्ण समाधान दिवस किशनी तहसील में प्रदर्शन के नाम रहा। अलग-अलग समस्याओं को लेकर तीन गांव के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। कोई रास्ता बदहाल होने को लेकर आक्रोशित दिखा तो कोई रास्ते पर कब्जे को लेकर। सभी ने प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
सबसे पहले तहसील किशनी में गांव रमतला मकरंदपुर के ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीण पक्का मार्ग न होने को लेकर आक्रोशित थे। उन्होंने बताया कि रास्ता बदहाल होने के कारण उन्हें परेशानी होती है। बारिश के मौसम में जलभराव और दलदल के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार लोगों ने मार्ग बनवाने की मांग की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में राधा देवी, रूपरानी देवी, मीराश्री, मुकेश कुमार, प्रदीप कुमार, सोमवीर, राधा देवी, राधा, लीलावती, गिंदू, आदेश कुमार, आकाश कुमार, रामू आदि शामिल हैं।
वहीं दूसरा मामला गांव रविदासपुर का है। चकरोड पर कब्जे को लेकर यहां के ग्रामीण तहसील पहुंचे थे। उन्होंने भी तहसील परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि उनके गांव में गाटा संख्या 828 के चकरोड पर आवागमन होता है। लेकिन इसके बाद भी गांव के दबंगों ने कब्जा कर इसे खत्म कर दिया है। इससे लोगों को निकलने में परेशानी होती है। जब भी कोई विरोध करता है तो दबंग मारपीट पर उतर आते हैं। ग्रामीणों को एसडीएम रामशकल मौर्य ने कब्जा हटाए जाने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन करने वालों में मुकेश कुमार, ब्रह्मानंद, कन्हईलाल, अमर सिंह, सुरेश बाबू, चंद्रपाल सिंह, शैलेश, बलराम, रामआसरे, रामरतन, अवधेश, कप्तान सिंह, अतर सिंह, बेंचेलाल आदि ग्रामीण शामिल रहे।
गोवंशों से परेशान ग्रामीणों ने उठाई आवाज
किशनी। गोवंशों से परेशान रामनगर तरिहा के ग्रामीणों ने भी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आक्रोश जताया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सभी किसान आवारा गोवंशों से बेहद परेशान हैं। वह लोग रात रातभर जागकर अपनी फसलों की रखवाली करने के लिए मजबूर हैं। इसके बाद भी गोवंशों का समूह फसलों को बरबाद कर देता है। उन्होंने बताया कि निकटवर्ती बुढ़ौली या बरिहा की गोशाला में आवारा गोवंशों को भेजा सकता है। इसके लिए उन्होंने एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया। बृजराज सिंह, अंकित, महेश, अहिबरन सिंह, रक्षपाल, रविंद्र सिंह, सुभाष कुमार, सत्यपाल, संतोष कुमार, विवेक कुमार, दिलीप कुमार, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।