मैनपुरी। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में मतगणना की तैयारी संबंधी बैठक की। अनुुपस्थित अधीक्षण अभियंता विद्युत का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कहा कि मतगणना स्थल पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर एक जून से पानी का छिड़काव, फॉगिंग करायी जाए। मतगणना के दिन प्रत्येक गणना पंडाल में कम से कम 10-10 एवं आउटर कार्नर में कम से कम 25 सफाई कर्मी सफाई व्यवस्था बनाए रखें। गणना स्थल पर पर्याप्त संख्या में कूलर लगें। मतगणना के दिन निर्बाध विद्युत आपूर्ति हो। दो जून से मंडी में ही विद्युत का कंट्रोल रूम स्थापित कर 24 घंटे लिखित में कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए।
उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में इंटरनेट, टेलीफोन के कनेक्शन किए जाएं। कलेक्ट्रेट में संचालित शिकायत प्रकोष्ठ के नंबर को भी मंडी में शिफ्ट किया जाए। शिकायत प्रकोष्ठ का दूरभाष नंबर 05672297118 ही रहेगा। उप खंड अधिकारी तीन जून से मतगणना समाप्ति तक मंडी परिसर में ही उपस्थित रहें। मंडी के गेट नंबर एक और तीन के समीप स्थान चिन्हित कर क्लॉक रूम बनाकर लिखित में पुलिस, अन्य कर्मियों की लिखित में ड्यूटी लगाई जाए।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामजी मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक नवीन श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरसी गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, नीरज कुमार द्विवेदी, संध्या शर्मा, प्रसून कश्यप, राम नारायण, सुप्रिया गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर गोपाल शर्मा, ध्रुव शुक्ला, अंजलि सिंह मौजूद रहे।