फोटो-40, 43 और 44
डीएम और सीडीओ ने गलियों में लगाई झाड़ू
- जिले भर में युवाओं और स्वयंसेवियों ने किया श्रमदान
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले भर में श्रमदान कर साफ-सफाई के लिए अभियान चलाया। खुद जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह और मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया ने गांव शिवसिंहपुर की गलियों में झाड़ू लगाई। उन्हें देखकर ग्रामीणों ने भी श्रमदान किया।
संचारी रोगों से बचाव के लिए 10 अक्तूबर से 16 अक्तूबर तक विशेष सफाई अभियान सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह के समापन पर शुक्रवार को जिले भर में कर्मचारियों और ग्रामीणों के माध्यम से श्रमदान कर सफाई कराने की योजना बनाई गई थी। इसके तहत जिले की सभी 552 ग्राम पंचायतों में श्रमदान किया गया। विकास खंड मैनपुरी के गांव शिवसिंहपुर में जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह और मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया ने श्रमदान किया। दोनों ही अधिकारियों ने जब हाथ में झाड़ू उठाई तो अन्य लोग भी जुट गए और देखते ही देखते गांव की गलियां साफ हो गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि सफाई को अपने जीवन का अंग बनाएं, ताकि गंदगी के कारण होने वाली बीमारियों से अपने और अपने परिवार को बचा सकें। इसके साथ ही जल पात्र, कूलर, गमलों, के पानी की साप्ताहिक रूप से सफाई करने को भी कहा। इस दौरान पता चला कि वर्ष- 1975-76 में गांव में कृषि करने के लिए पट्टे आवंटित किए गए थे। उनमें से कुछ पट्टों पर अभी तक आवंटी ने कृषि कार्य नहीं किया। यह भूमि खाली पड़ी है। इस पर ग्रामीणों ने कूड़ा डाल दिया है। इसे देख कर जिलाधिकारी ने लेखपाल से आख्या मांगी है। इस दौरान परियोजना निदेशक एससी मिश्रा, डीपीआरओ स्वामीदीन, जिला युवा समन्वयक नेहरू युवा केंद्र सोनाली नेगी, ग्राम प्रधान शशि कुमारी आदि ने भी श्रमदान किया।
-----
नेहरू युवा केंद्र ने किया बढ़ चढ़कर प्रतिभाग
श्रमदान में जिले भर में अलग-अलग स्थानों पर नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवियों ने भी बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया। जिला युवा समन्वयक सोनाली नेगी के नेतृत्व में पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार सभी नौ ब्लॉकों में अलग-अलग स्थानों पर स्वयंसेवकों ने सफाई की साथ ही लोगों को जागरूक भी किया। सुल्तानगंज के गांव जैली जिरौली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक प्रभास कुमार ने युवा मंडल बृजपुर और युवा मंडल सहारा के युवाओं के साथ सफाई अभियान चलाया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी रंजीत सिंह, एडीओ पंचायत रामबरन सिंह, ग्राम विकास अधिकारी विनय कुमार, लेखाकार नवनीत कुमार आदि लोग उपस्थित रहे। करहल के नगला जात में भी नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया। इसमें युवा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजपूत, युवा मंडल सचिव सचिन, तरुण, प्रवल, ओमजी, सुधांशु, ओमबीर, मयंक आदि लोग मौजूद रहे।