नवरात्रि पर आस्था का ऐसा मामला सामने आया है जिसे देख हर कोई दंग रह जाता है। फतेहाबाद के पातालेश्वर मंदिर पर एक साधु अपने शरीर पर जवारे उगाकर साधना में लगे हैं, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
आगरा के फतेहाबाद के पातालेश्वर मंदिर पर आस्था की पराकाष्ठा देखने को मिली, जहां एक साधु ने अपने शरीर पर जवारे उगा कर नौ दिन तक समाधि ले रखी है। दर्शन करने वालों का तांता लगा हुआ है। इस दौरान 9 दिन तक बिना अन्य जल के साधु माता की भक्ति में लीन हैं।
विज्ञापन
फतेहाबाद के सारंगपुर रोड स्थित रेलवे लाइन के नजदीक बने पातालेश्वर हनुमान मंदिर पर साधु कुलदीप गिरी द्वारा नवरात्रि के अवसर पर माता की भक्ति में लीन होकर अपने शरीर पर जवारे ऊगा रखे हैं। अन्य जल का त्याग कर पूरी तरह समाधिस्थ होकर माता की आराधना में लीन हैं। साथ में रह रहे साधुओं का कहना है कि माता की भक्ति में लीन साधु कुलदीप गिरी हर शारदीय नवरात्रि पर इसी तरह अपने शरीर पर जवारे उगाते हैं तथा 9 दिन तक माता की भक्ति करते हैं।
साधु कुलदीप गिरी का कहना है कि विश्व के कल्याण की कामना को लेकर उन्होंने इस तरह की साधना की है। नवरात्रि की पूजा संपन्न होने के बाद ही वे इन जवारों का विसर्जन गंगा नदी में करेंगे। इस दौरान माता का पंडाल भी सजाया गया है, जहां बड़ी संख्या में भक्तगण माता के दर्शन को पहुंच रहे हैं।