एकाउंट में सेलेरी आने के बाद पहली तारीख को लोग कैश निकालने के लिए बैंक पहुंचे, लेकिन नोटों के बजाय मिलीं पुलिस की लाठियां। कैश खत्म होने पर हंगामा कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठियां भांजी और महिलाओं तक को नहीं बख्शा। इनमें कई महिलाओं के चोट आई है। शहर में बैंक आफ बड़ौदा की शाहगंज, सोरों कटरा ब्रांच और स्टेट बैंक की ताजगंज शाखा पर और देहात में फतेहपुर सीकरी की एसबीआई और धनौली में यूनाइटेड बैंक आफ इंडिया में लोगों ने जमकर हंगामा किया था। सेलेरी के लिए लाइन में लगे कर्मचारी भी चुटैल हुए।
एक दिसंबर को बैंकों में भारी भीड़ रही। सेलरी एकाउंट में आने के बाद आम आदमी के साथ सरकारी कर्मचारी भी बैंकों की कतार में लग गए तो शाखाओं में भारी भीड़ सुबह ही लग गई।
जिले की 439 शाखाओं में से 280 में सुबह कैश न होने से लोगों में आक्रोश पनप उठा। बैंक आफ बड़ौदा, सोरों कटरा में महिलाओं की भीड़ ज्यादा थी, जिसमें महिला पुलिसकर्मी द्वारा युवती की पिटाई कर देने से माहौल गरमा गया। इसके बाद लोगों ने हंगामा और तोड़फोड़ की तो पुलिस आ गई।
पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों पर लाठियां भांजी। इसी तरह स्टेट बैंक आफ इंडिया की ताजगंज शाखा पर कैश न मिलने पर घंटों कतार में लगे लोगों ने हंगामा और जाम लगाने का प्रयास किया। कुछ युवकों ने बैंक के गेट का शीशा और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए। पुलिस के पहुंचने पर युवक दीवार फर्लांग कर फरार हो गये।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया, लेकिन लोगों की शिकायत थी कि बैंक मैनेजर पिछले दरवाजे से अपने परिचितों को कैश दे रहे हैं, लेकिन बाहर कैश नहीं होने का नोटिस लगा रखा है।
फ्रीगंज की यूनाइटेड बैंक आफ इंडिया, कमला नगर शाखा और एचडीएफसी बैंक संजय प्लेस में हंगामा हुआ। शहर के साथ देहात के फतेहपुर सीकरी में स्टेट बैंक, धनौली में इंडियन ओवरसीज बैंक, मलपुरा में स्टेट बैंक के बाहर ग्राहकों ने हंगामा और प्रदर्शन किया।
टांस यमुना कालोनी स्थित बैंक आफ बड़ौदा पर कैश नहीं मिलने पर लोगों ने हंगामा किया। ईंट पत्थर फेंके। इससे बैंक के बाहर खिड़की के शीशे टूट गए। पुलिस के पहुंचने पर लोग भाग खड़े हुए।
एचडीएफसी में सर्वर फेल, एटीएम खाली
लोग सेलरी के इंतजार में थे, लेकिन गुरुवार को एचडीएफसी बैंक की शास्त्रीपुरम शाखा में सर्वर फेल हो जाने से कामकाज ठप रहा। सुबह से बैंक में ताला लगा रहा और बैंक कर्मचारी तक बैंक से बाहर नजर आए। बैंक के तीन हजार से ज्यादा ग्राहक परेशान रहे, वहीं एटीएम भी खाली होने से एचडीएफसी बैंक के ग्राहक कैश के लिए तरसते दिखे।
बैंकों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी
गुरुवार को अधिकांश बैंकों में कैश न होने के कारण हालात खराब थे। लीड बैंक मैनेजर पंकज सक्सेना ने शहर की 17 बैंक शाखाओं का निरीक्षण किया, जिसमें उन्हें 9 में टोकन सिस्टम नहीं मिला। केवल 8 मैनेजरों ने ही टोकन सिस्टम चालू किया था। यही नहीं, किसी भी बैंक में सेलरी के लिए अलग से काउंटर नहीं पाया गया, जबकि डीएम ने एक दिन पहले ही सेलरी डे को देखते हुए बैंकरों को सेलरी का अलग काउंटर खुलवाने के निर्देश दिए थे। लीड बैंक मैनेजर ने पूरी रिपोर्ट डीएम गौरव दयाल को सौंप दी है। सूत्रों के मुताबिक बैंकरों द्वारा निर्देश न माने जाने पर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।