आगरा। खिलाड़ियों को प्रताड़ित करने, अभ्यास के लिए उपकरण उपलब्ध नहीं कराने और एथलीट्स से दुर्व्यवहार के आरोपों में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी (आरएसओ) संजय शर्मा और एथलेटिक्स कोच कल्पना चौधरी फंस सकती हैं। खिलाड़ियों की शिकायत पर विधायक चौधरी बाबूलाल ने मुख्यमंत्री को चिठ्ठी भेजी है। उन्होंने दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल की इस चिठ्ठी पर डीएम अरविंद बंगारी ने मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई है। तीन दिन में कमेटी मामले की जांच कर रिपोर्ट डीएम को सौंपेंगी। एथलेटिक्स खिलाड़ियों का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक बाबूलाल से मिला था।
खिलाड़ियों ने आरएसओ संजय शर्मा पर गुमराह करते हुए उनके पंजीकरण पत्र अपने पास जमा कराने और वापस मांगने पर खिलाड़ियों को एफआईआर कराने की धमकियां देने के आरोप लगाए। खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए उपकरण नहीं दिए जा रहे।
कोच कल्पना चौधरी के पास कोई सम्मान पदक नहीं है। ऐसे में विधायक ने कोच की योग्यता पर भी सवाल खड़े किए हैं। आरएसओ और कोच पर हठधर्मिता से खिलाड़ियों का मनोबल तोड़ने सहित कई गंभीर आरोप सीएम को भेजी चिठ्ठी में लगाए हैं। इस संबंध में डीएम का कहना है कि जांच कराई जा रही है। तीन दिन में रिपोर्ट आएगी। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के लिए शासन को लिखा जाएगा।
वहीं, इस संबंध में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने कहा कि मुझे विधायक की शिकायत के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।