फतेहपुर सीकरी। कस्बे के तेहरा दरवाजा मोहल्ले के रहने वाले वृद्ध को चाय में नशे का पदार्थ पिलाकर परिचितों ने 1.50 लाख रुपये पार कर दिए। यह रकम वृद्ध को पीएस आवास योजना की किस्त के रूप में मिली थी। पीड़ित ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
तेहरा दरवाजा निवासी अनवार ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करता है। वह शनिवार को घर में अकेला था। आरोप है कि तभी अनीज उसके घर में आया। जिद करके चाय बनाकर पिलाई। तब तक चार अन्य लोग भी आ गए। बताया कि चाय पीने के बाद वह अचेत हो गया। इन लोगों ने उसके घर में पीएम आवास योजना की आई 1.50 लाख रुपये की किस्त पार कर दी। होश में आने के बाद उसे घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अनीज, फारूक, मुस्तकीम, बंबू और अनवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।