फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांग्लादेशी घुसपैठियों की हो जांच : संघ

Fri, 12 Dec 2014 05:15 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
धर्मांतरण मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कहा कि स्वेच्छा से घर वापसी करने वालों में बांग्लादेशी घुसपैठिए भी हैं, जोकि निहित स्वार्थवश दबाव में अपने बयान बदल रहे हैं। संघ ने इनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए मूल निवास की जानकारी के बाद उन्हें वहीं भेजने की मांग की है।
विज्ञापन


महानगर संघचालक विजय गोयल और महानगर कार्यवाह पंकज खंडेलवाल ने संयुक्त बयान में कहा है कि उन्हें समाचार पत्रों के माध्यम से देवरी रोड पर धर्मांतरण कार्यक्रम की जानकारी हुई।

उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि धर्मांतरण करने वालों में कुछ बांग्लादेशी घुसपैठिए भी हैं। फर्जी तरीके से भारतीय नागरिकता का परिचय पत्र बनवा लिया है। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में रह रहे सभी लोग समान पूर्वजों की संतान हैं, सभी के पूर्वज हिंदू ही हैं।
विज्ञापन


विदेशी आक्रमणकारियों द्वारा धर्मपरिवर्तन करवाने के कारण अनेक लोगों के मत में परिवर्तन हुआ। आर्य समाज तथा कई संस्थाओं द्वारा अनेक वर्षों से स्वेच्छा से इनकी घर वापसी तथा शुद्धीकरण के कार्यक्रम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लालच या दबाव में और विदेशी फंड द्वारा धर्मपरिवर्तन गलत है।
 
महानगर संघचालक और महानगर कार्यवाह ने कहा कि आरएसएस समाज में राष्ट्रीयता भाव का जागरण करता है। उन्होंने कहा कि घर वापसी करने वालों पर दबाव बनाकर बयान बदलवाए गए और भड़काया। वह संघ मानसिकता के विरोधी हैं तथा देश के फूट डालने का काम कर रहे हैं।

वहीं, विश्व हिंदू परिषद के जिला समरसता प्रमुख विश्वकांत मिश्रा ने कहा कि जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण नहीं बल्कि घर वापसी हुई है। उन्होंने कहा कि धर्म वापसी का अभियान पुराना है।

इधर, इस संबंध में अछनेरा के गांव फतेहपुरा में विहिप की बैठक में जिलामंत्री महेश शर्मा ने कहा कि कुछ लोग हिंदुवादी संगठनों को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं।

जमीन खिसकती देख बौखलाए विरोधी दल : भाजपा
धर्म परिवर्तन मामले पर भाजपा ने भी विरोधी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेताओं ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए देश के राजनीतिक वातावरण को दूषित करने आरोप लगाया है।

गुरुवार को जयपुर हाउस स्थित ब्रजक्षेत्र कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि पिछले छह महीने से देश में सांप्रदायिक सद्भाव एवं सामाजिक समरसता का माहौल है, इससे तीनों पार्टियां अपनी जमीन को खिसते देख बौखला गई हैं।

उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन के मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। इसकी आड़ में सांप्रदायिक सद्भाव को वह नहीं बिगड़ने देंगे। ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से घर वापसी कार्यक्रम की जानकारी हुई थी।

तस्वीरों को देखकर लगता है कि किसी के साथ कोई जबरदस्ती नहीं की गई थी। गलत प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा ने सत्ता का दुरुपयोग कर रिपोर्ट दर्ज कराकर सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का काम किया है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक राना, महानगर अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद दुबे गामा सहित भाजपा के कई नेता मौजूद थे। वहीं, विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राघवेंद्र सिंह ने कहा कि घर वापसी का कार्यक्रम वहां के रहने वाले मुस्लिमों की सहमति पर हुआ है। प्रांत प्रवक्ता प्रमेंद्र जैन ने कहा कि कट्टरपंथी मुस्लिम नेता घर वापसी के कार्यक्रम को धर्मांतरण का नाम देकर शहर की शांति व्यवस्था को भंग कर रहे हैं।

अल्पसंख्यक मोर्चा ने भी संभाली कमान
भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री अशफाक सैफी ने प्रेसवार्ता में कहा कि किसी का धर्मांतरण नहीं किया गया था। लोगों ने घर वापसी की। उन्होंने कहा कि ‘मैं पिछले कई सालों से भाजपा में हूं और पांच वक्त की नमाज पढ़ता हूं, मुझ पर न तो भाजपा ने और न ही किसी दूसरे संगठन ने हिंदू होने का दबाव डाला।’
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें