मथुरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने एक महिला यात्री के गुम हुए मंगलसूत्र को ढूढ़ने के लिए पंजाब मेल ट्रेन को छान मारा। तलाशी के दौरान एक सीट पर रखी चादर में मंगलसूत्र मिल गया। जिसे महिला यात्रा का सौंप दिया गया।
रेलवे की महिला सुरक्षा सेवा 182 के माध्यम से आरपीएफ को रविवार की सुबह सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से आ रही पंजाब मेल की बी-1 बोगी की सीट संख्या 62 पर महिला यात्री का मंगलसूत्र छूट गया है।
पंजाब मेल जब प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची तो आरपीएफ प्रभारी सीबी प्रसाद सिपाहियों के साथ कोच में चढ़ गए। बताए गए स्थान पर कोई मंगलसूत्र आरपीएफ को नहीं मिला। सीट पर रखी चादर को जब खंगाला गया तो मंगलसूत्र उसमें मिल गया।
मंगलसूत्र दिल्ली निवासी नीरू वर्मा का है। नीरू वर्मा अमृतसर से दिल्ली आई थीं। दिल्ली में ट्रेन से उतरने के बाद उन्हें मंगलसूत्र के गायब होने का पता चला। मंगलसूत्र की कीमत करीब 50 हजार रुपये होने का अनुमान है।
इस संबंध में आरपीएफ प्रभारी सीबी प्रसाद ने बताया कि महिला का मंगलसूत्र सीट पर रखी चादर में मिला है। इसकी जानकारी महिला को दे दी गई। इसके बाद यहां आने पर उन्हें मंगलसूत्र सौंप दिया गया है।