फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: तेज हवा-बारिश के बीच रॉयल एनफील्ड ने जीता हॉकी का ताज

Sun, 31 May 2026 02:35 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग
विज्ञापन
आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के सिंथेटिक एस्ट्रोटर्फ मैदान पर शुक्रवार रात आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग (सीजन-1) का समापन रोमांच, यादगार खेल प्रदर्शन के साथ हुआ। दूधिया रोशनी में खेले गए फाइनल मुकाबले में आगरा रॉयल एनफील्ड ने डॉ. गौतम टीम को 6-2 से पराजित कर लीग के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम किया।
विज्ञापन

आयोजन सचिव राजीव सोई ने कहा कि खिलाड़ियों के जोश, दर्शकों की भारी मौजूदगी और पूरे आयोजन की भव्यता ने यह संदेश दिया कि आगरा में हॉकी का जुनून है। फाइनल मुकाबला होने से ठीक पहले तेज हवा और बारिश ने चुनौती खड़ी कर दी। कुछ समय के लिए लगा कि मैच नहीं हो पाएगा। मगर सैकड़ों दर्शक बारिश और तेज हवा के बावजूद स्टेडियम में डटे रहे। आयोजन समिति ने मैदान को शीघ्र खेलने योग्य बनाया। जैसे ही मुकाबला शुरू हुआ, पूरे स्टेडियम में रोमांच और उत्साह की लहर दौड़ गई।
पहले हाफ में दोनों टीमों के डिफेंडरों और गोलकीपरों ने शानदार खेल दिखाया, कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर के 13वें मिनट में डॉ. गौतम टीम के अनुज ने फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। रॉयल एनफील्ड ने तीन मिनट बाद ही जवाब देते हुए गुलफाम के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। तीसरे क्वार्टर में मोहित ने 23वें मिनट में गोल कर डॉ. गौतम टीम को 2-1 से आगे किया। तीसरे क्वार्टर तक मुकाबला डॉ. गौतम टीम के पक्ष में रहा। मैच का सबसे रोमांचक दौर चौथे क्वार्टर में दिखा। रॉयल एनफील्ड की ओर से 32वें मिनट में दिलीप शर्मा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-2 कर दिया।
विज्ञापन

इसके बाद 35वें मिनट में गुलफाम ने अपना दूसरा गोल कर टीम को पहली बार बढ़त दिलाई। इसके बाद दिलीप शर्मा, प्रभु दीप सिंह और धीरज ने लगातार गोल दागकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया। अंतिम सीटी बजने तक स्कोर 6-2 हो चुका था और पूरा स्टेडियम तालियों और जयघोष से गूंज उठा।
डॉ. जयशंकर बने प्लेयर ऑफ द मैच
हालांकि डॉ. गौतम टीम मैच हार गई लेकिन उनके डिफेंडर डॉ. जयशंकर सिंह यादव को शानदार रक्षात्मक खेल, बेहतरीन टैकल और अनुशासित खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस दौरान इं. उमेश शर्मा, राजेश गोयल, बलदेव भटनागर, मनोज जादौन, मनोज कुमार, विजय पाठक, अमरजीत सिंह, गोपाल भगत, सजल बंसल समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सभी ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन गगन मदान, दिव्यांश सक्सेना और मोहित दिवाकर ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें