आगरा में पंचकुइयां-कोठी मीना बाजार मैदान पर स्थित रेलवे पुल की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य आठ अक्तूबर से शुरू किया जाएगा। इस कारण इस मार्ग पर आठ से 21 अक्तूबर तक वाहनों का संचालन बंद रहेगा। वाहनों को दूसरे मार्गों से होकर गुजारा जाएगा। यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान बनाया है। इससे 14 दिन तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
यह रहेगा डायवर्जन प्लान
-तहसील चौराहा, सुभाष पार्क तिराहे व नालबंद चौराहे की ओर से पंचकुइयां होते हुए कोठी मीना बाजार की तरफ जाने वाले दोपहिया, तीन पहिया व कार आदि वाहन पंचकुइयां चौराहे से शाहगंज रोड होते हुए शाहगंज चौराहे से दाहिने स्पीड कलर लैब से होकर गुजारे जाएंगे।
-मारुति एस्टेट, कोठी मीना बाजार, लोहामंडी की ओर से आने वाले वाहन साकेत चौराहा, सीओडी तिराहे, भोगीपुरा, रुई की मंडी चौराहे से होकर तहसील चौराहा होते हुए जा सकेंगे।
-जयपुर, मथुरा, भरतपुर की तरफ से पंचकुइयां होकर एमजी रोड की तरफ जाने वाले भारी वाहन, नो एंट्री समाप्त होने के बाद मारुति एस्टेट, बोदला, कारगिल चौराहे से सिकंदरा होकर गुजरेंगे।
- एमजी रोड से पंचकुइयां, कोठी मीना बाजार होकर जयपुर, भरतपुर, मथुरा की तरफ जाने वाले भारी वाहन (नो एंट्री के बाद) एमजी रोड से भगवान टाकीज से हाईवे होकर सिकंदरा, बोदला होकर एमजी रोड दो पर निकलेंगे।