कासगंज में सावन के अंतिम सोमवार को देखते हुए शुक्रवार से ही रूट डायवर्जन कर दिया गया है। रोडवेज की बसें कछला व उझियानी न जाकर अब कादरगंज होते हुए बदायूं व बरेली जाएंगी। सोरों, नगरिया, कछला व उझियानी जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई है।
कांवड़ मेले में अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़ियों के द्वारा शिव अभिषेक के लिए गंगाजल भरकर कांवड़ ले जाए जाने की संभावना है। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ ही उनकी सुरक्षा के लिए प्रशासन सतर्क है। मार्ग पर अधिक भीड़ न रहे और बड़े वाहन न मिलें इसके लिए रूट डायवर्ट कर दिया गया है। रूट डायवर्जन का असर यात्रियों पर पड़ने लगा है। कासगंज से बदायूं और बदायूं से बरेली दोनों ही नगरों के लिए रोडवेज बसें बदले हुए मार्ग से सोमवार तक संचालित होंगी, जिसके कारण जो यात्री सोरोंजी, नगरिया, कछला, उझियानी आदि स्थानों पर यात्रा करते थे उन्हें सोमवार तक वाहनों की किल्लत रहेगी। टेंपो आदि से ही अपना सफर तय करना होगा।
यह निर्धारित किया नया रूट
कासगंज से बदायूं के लिए नया रूट अमांपुर, सिढ़पुरा, पटियाली, कादरगंज, कादर चौक, निजामपुर, इस्लामपुर, शेखूपुर होगा। वहीं बदायूं से बरेली के लिए बसें बजीरगंज, आंवला, रामगंगा होती हुई जाएंगी।
शुक्रवार से शुरू हुई व्यवस्था
बस संचालन प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि कांवड़ मेले के कारण शुक्रवार से रूट को बदला गया है। अब नए रूट से होकर बसों का संचालन सोमवार तक होगा। जैसे ही कांवड़ियों की भीड़ कम होगी, पुराने रूट से बसों का संचालन शुरु कर दिया जाएगा।