कासगंज के सहावर थाना क्षेत्र के गांव सादिकपुर में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने के मामले को लेकर थाना पुलिस ने बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, हमला, धारा 144 के उल्लघंन, 7 सीएलआर सहित अन्य धाराओं में 21 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 25-30 लोग अज्ञात दर्शाए गए हैं। पुलिस अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने मौके से पांच बाइकें भी बरामद की हैं।
यह प्राथमिकी पुलिस की ओर से दर्ज कराई गई है, जिसमें 21 लोगों नामजद किए गए है। जिनमें 16 लोग गिरफ्तार हुए हैं। नामजद हुए गिरफ्तार लोगों में किशनपाल, ललित कुमार, सुरेश, देवेंद्र, चंचल, शिवचरन, ब्रजकिशोर, चरन सिंह, करन सिंह, दर्शन सिंह, हरिप्रसाद, सोनू, शिवशंकर, नेतराम, तारावती, कृष्णवती शामिल हैं। नामजद हुए पांच लोगों में कालीचरन, नन्हेंलाल, गोपूचंद्र, धर्मेंद्र एवं सोरन लाल फरार हो गए।
पांच बाइकें की बरामद
इस एफआईआर में 25-30 लोग अज्ञात दर्शाए गए हैं। पुलिस ने झगड़े के मौके से पांच बाइकें बरामद की हैं। प्रतिमा स्थापना के दौरान बृहस्पतिवार की सायं अनिल और देवेंद्र के बीच विवाद हुआ था। इस विवाद की सूचना पर पहुंची सहावर थाने की पुलिस पर भी पथराव कर दिया गया, जिसमें थाना प्रभारी राजकुमार, सिपाही पुष्पेंद्र सिंह एवं पवन प्रताप सिंह पत्थर लगने से घायल हो गए।
ये बोले एसपी
एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि सादिकपुर में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में 21 लोगों को नामजद किया गया है। 25-30 अज्ञात लोग शामिल हैं। पुलिस ने 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।