बाहर निकलना है तो सोच-समझकर निकलें। रास्ते में आप जाम में फंस सकते हैं, इसलिए कहीं भी आने-जाने के लिए सही रास्ते का चयन करें। पुलिस प्रशासन ने शहर में 5 दिन कुछ मार्गों के यातायात में बदलाव किया है। 28 सितंबर को पुराने शहर में राम बरात निकाली जाएगी। इसके साथ ही कोठी मीना बाजार मैदान में 2 अक्तूबर तक हर दिन जनकपुरी के आयोजन होंगे।
जनकपुरी का आयोजन एमजी मार्ग-2 पर हो रहा है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। लाखों लोगों को बदले हुए मार्ग से जाने की सलाह दी जा रही है। इससे शाहगंज, लोहामंडी, बोदला मार्ग पर वाहनों का दबाव परेशानी बढ़ा सकता है।
राम बरात की वजह से 28 सितंबर को नो एंट्री रहेगी। भारी वाहन नहीं आ सकेंगे। हाईवे पर वाहनों के आवागमन में किसी तरह का परिवर्तन नहीं है। हाईवे से शहर में प्रवेश करने वाले स्थान पर यातायात पुलिस तैनात रहेगी, जिससे वाहनों को नहीं आने दिया जाए। थाना पुलिस को भी लगाया गया है।
राम बरात पर यह रहेगी व्यवस्था
- ग्वालियर मार्ग से फिरोजाबाद, हाथरस, एटा की तरफ भारी वाहन रोहता नहर चौराहा से दिगनेर पुलिया, इनर रिंग रोड होकर जाएंगे।
- ग्वालियर मार्ग से मथुरा की तरफ ग्राम बाद (ककुआ मोड़), दक्षिणी बाईपास होकर रैपुरा जाट से जाएंगे।
- जयपुर मार्ग से फिरोजाबाद, हाथरस, एटा पथौली नहर, मलपुरा नहर, रोहता नहर, दिगनेर पुलिया से इनर रिंग रोड, कुबेरपुर कट से जा सकेंगे।
- फतेहाबाद मार्ग से ग्वालियर, जयपुर की तरफ फतेहाबाद, शमसाबाद, इरादत नगर, सैंया से जाएंगे, शमसाबाद से ग्वालियर, जयपुर की तरफ इरादतनगर, सैंया से जाएंगे।
- फतेहाबाद, शमसाबाद से मथुरा की तरफ रमाडा कट, इनर रिंग रोड, कुबेरपुर कट से जाएंगे।
इन रास्तों पर नो एंट्री
भारी वाहन सिकंदरा तिराहा, गुरुद्वारा आरओबी, आईएसबीटी तिराहा, आरबीएस, खंदारी, भगवान टॉकीज, नेहरू नगर कट, गांधीनगर कट, सुल्तानगंज की पुलिया, कमलानगर मार्ग, लंगड़े की चौकी तिराहा, वाटरवर्क्स, आंबेडकर पुल एत्माद्दौला साइड, तोरा चौकी तिराहा, एकता चौकी तिराहा, रोहता नहर, मलपुरा नहर, पथौली नहर चौराहा, वायु विहार तिराहा, अमरपुरा, बोदला, शास्त्रीपुरम से प्रवेश नहीं करेंगे। यहां पर पुलिस तैनात रहेगी।
शहर में बसों का आवागमन
फिरोजाबाद, हाथरस, एटा से आने वाली रोडवेज, टूरिस्ट बसें, जिन्हें आईएसबीटी जाना है, वे एनएच-19 के माध्यम से जाएंगी। जिन्हें ईदगाह, बिजलीघर बस स्टैंड जाना है, वे इनर रिंग रोड रमाडा कट, ताज व्यू तिराहा, करियप्पा चौराहा, मॉल रोड से बालूगंज चौकी के सामने से बिजलीघर जाएंगी। ईदगाह के लिए माल रोड से सुल्तानपुरा होकर ईदगाह बस स्टैंड जाएंगी।
- भरतपुर-फतेहपुर सीकरी से आईएसबीटी पथौली नहर, बिचपुरी, रुनकता, एनएच-19 से जाएंगी। ईदगाह बस स्टैंड पथौली, मलपुरा, रोहता नहर चौराहा, मधु नगर चौराहा, क्लब चौराहा से जाएंगी। बिजलीघर बस स्टैंड मालरोड, करियप्पा चौराहा, बालूगंज पुलिस चौकी से जाएंगी।
- ग्वालियर से रोहता नहर, पथौली, बिचपुरी, रुनकता, एनएच-19 से मथुरा-आईएसबीटी जा सकेंगी। ईदगाह बस स्टैंड के लिए मधु नगर, क्लब चौराहा, सुल्तानपुरा, ईदगाह बस स्टैंड और बिजलीघर बस स्टैंड के लिए क्लब चौराहे से मॉल रोड, करियप्पा चौराहा से बिजलीघर आगरा फोर्ट बस स्टैंड जा सकेंगी।
- शमसाबाद और फतेहाबाद की तरफ से रोडवेज, टूरिस्ट बसें मॉल रोड, करियप्पा चौराहा, बालूगंज चौकी के सामने से बिजलीघर बस स्टैंड और मॉल रोड से सुल्तानपुरा होते हुए ईदगाह बस स्टैंड जाएंगी। जिन बसों को कानपुर, हाथरस, अलीगढ़ या आईएसबीटी बस स्टैंड जाना है, वह रमाडा होटल कट से इनर रिंग रोड से कुबेरपुर होते हुए जाएंगी। भरतपुर-मथुरा की तरफ रोहता नहर, बिचपुरी नहर या दक्षिणी बाईपास से जाएंगी।
जनकपुरी के लिए पंचकुइयां और मानस नगर से डायवर्जन
एसीपी यातायात सैयद अरीब अहमद ने बताया कि जनकपुरी का आयोजन इस बार कोठी मीना बाजार में हो रहा है। इसको लेकर मार्ग परिवर्तित रहेगा। 28 सितंबर से 2 अक्तूबर तक व्यवस्था रहेगी। कोठी मीना बाजार की तरफ कोई भी वाहन नहीं जाने दिया जाएगा। एमजी रोड से आने वाले वाहन पंचकुइयां से डायवर्ट होकर जीआईसी की तरफ नहीं जाने दिए जाएंगे। वाहन पुलिस लाइन से रूई की मंडी, शाहगंज, बोदला होकर जाएंगे। इसी तरह मारुति एस्टेट से आने वाले वाहनों को मानस नगर, जयपुर हाउस होकर निकाला जाएगा। लोहामंडी की तरफ से भी वाहन नहीं आने दिए जाएंगे। उन्हें सेंट जोंस और जयपुर हाउस की तरफ से निकाला जाएगा।
शहर में अंदर डायवर्जन
- राम बरात पर 28 की दोपहर 2 बजे से 29 सितंबर को कार्यक्रम संपन्न होने तक डायवर्जन किया गया है।
- बिजलीघर चौराहे से कोई भी वाहन मदीना होटल तिराहे पर नहीं आएगा। चक्की पाट, छीपीटोला से जाएंगे।
- सदर भट्टी, मीरा हुसैनी चौराहे से कोई भी वाहन मदीना होटल की ओर नहीं जाएगा। हींग की मंडी, मोती कटरा या सदर भट्टी, धाकरान से निकलेंगे।
- हाथीघाट से दरेसी नंबर- 2 और 3 रावतपाड़ा की तरफ कोई भी वाहन नहीं आने दिया जाएगा।
- आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन, चिम्मन पूड़ी चौराहे के पास बनी पार्किंग में वाहनों को पार्क किया जाएगा।
- बेलनगंज यमुना किनारा पेट्रोल पंप से घटिया आजम खां चौराहा की तरफ नहीं जाएंगे। बेलनगंज चौराहा से परिवर्तित मार्ग से निकलेंगे। जीवनीमंडी चौराहा से बेलनगंज की ओर जाने वाले वाहनों को भी बदले मार्ग से निकालेंगे।
- बेलनगंज चौराहा से कचहरी घाट, घटिया की तरफ कोई भी वाहन नहीं जा सकेगा।
- बेलनगंज चौराहा से घटिया आजम खां चौराहा तक का पूरा मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद रहेगा।
- फ्रीगंज वाले मार्ग को धूलियागंज चौराहा पर बैरियर लगाकर व्यवस्थित किया जाएगा। पाय चौकी वाले मार्ग को धूलियागंज चौकी पर बैरियर लगाएंगे। घटिया आजम खां चौराहा से कोई भी वाहन फुलट्टी की ओर नहीं जाएगा।
- फुलट्टी तिराहा, तिलक तिराहा, फव्वारा व कश्मीरी बाजार तिराहा पर बैरिकेड कर यातायात को रोका जायेगा।
- गुदड़ी मंसूर खां से बेलनगंज, घटिया की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा। सेठ गली को हनुमान मंदिर तिराहे पर बैरिकेड किया जाएगा।
- श्रीराम बरात शोभायात्रा मार्ग पर समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- 29 सितंबर की सुबह शोभायात्रा के स्वरूपों के श्रीमनःकामेश्वर मंदिर से कोठी मीना बाजार स्थित जनकपुरी जाने के समय श्री मनःकामेश्वर मंदिर, सुभाष बाजार, सदर भट्टी, सुभाष पार्क, पंचकुइयां होकर अग्रसेन भवन लोहामंडी रोड तक के मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।