एसआईआर: बाह क्षेत्र में बूथ पर निरीक्षण करते नायब तहसीलदार दयाचंद पौरुष
बाह। एसआईआर में तैयार हुई कच्ची मतदाता सूची रविवार को विशेष अभियान में बाह, जैतपुर, पिनाहट ब्लॉक के 385 बूथों पर पढ़ कर सुनाई गई। जिन 22534 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई थी, उनके लिए नोटिस जारी किए गए। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदकों के फॉर्म 6 भरवाए गये। कच्ची मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां ली गई। बाह के एसडीएम संतोष कुमार शुक्ला जैतपुर और पिनाहट कस्बे के बूथों का निरीक्षण एवं प्रगति की समीक्षा को पहुंचे। तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ गुंगावली, पुरा हरलाल, अभयपुरा, पुरा खजुरियन, खेडा राठौर, चौरंगाहार, मढ़ेपुरा, गुमानसिंह पुरा के बूथों पर विशेष अभियान की समीक्षा को पहुंचे। मौके पर दावे आपत्ति को लेकर आई समस्याओं का समाधान किया। नायब तहसीलदार दयाचंद पौरुष बसई भदौरिया, भदरौली, मानिकपुरा, फरैरा, फरैरी, नरहौली, भाऊपुरा के बूथों के निरीक्षण को पहुंचे। खास बात ये रही कि किसी भी बूथ पर बीएलओ गैर हाजिर नहीं मिले। बतादें कि एसआईआर में बाह विधानसभा क्षेत्र की जारी कच्ची मतदाता सूची में 24 की वृद्धि के साथ बूथ 361 से बढ़ कर 385 हो गये हैं। एसआईआर से पहले बाह विधानसभा क्षेत्र में 339350 मतदाता थे। एसआईआर के बाद जारी की गई कच्ची मतदाता सूची में 282060 वोट रह गये हैं। 22534 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है। बीएलओ द्वारा तैयार सूची के मुताबिक 6702 मतदाता मृतक, 33469 मतदाता सिफ्टेड, 3437 मतदाता डुप्लीकेट, 13389 मतदाता अनुपस्थित थे।