मैनपुरी जिले के गांव शीलंवत में रविवार की रात एक घर में घुसे बदमाशों ने गृहस्वामी और उनके भाई को लाठी-डंडा और सरिया से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। इसके बाद बदमाश घर से हजारों की नकदी, सामान लूट ले गए।
गांव स्थित एक अन्य घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। सोमवार सुबह सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस जांच करने पहुंची। वहीं एसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
बेवर थाना क्षेत्र के शीतवंत निवासी चौकीदार रामप्रसाद के घर में रविवार की रात बदमाशों ने दीवार में नकब लगाकर प्रवेश किया। घर से नकदी और आभूषण रखे दो बक्से उठा ले गए।
कमरे में बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
बक्सों में 45 सौ रुपए की नकदी और तोड़िया सहित अन्य सामान बताया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने गांव निवासी राजेश उर्फ मुन्नालाल के घर पर धावा बोल दिया।
बदमाश दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचे तो आहट सुनकर राजेश व उनकी पत्नी शशिकला जाग गईं। बदमाशों को देख जैसे ही उन्होंने शोर मचाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने सरियों व डंडा से दोनों पर हमला बोल दिया।
अचानक हुए हमले से राजेश अधमरे हो गए। वहीं महिला दहशत के चलते कुछ भी न कह सकी। बदमाशों ने घर के बाहर सो रहे राजेश के भाई दीपू को भी सरियों और डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया।
पीड़ितों के अनुसार इसके बाद बदमाश घर में रखी 10 हजार की नकदी, 40 से 50 हजार के आभूषण बक्सा सहित लेकर भाग गए। बदमाशों के भागने के बाद महिला के शोर मचाने पर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही सूचना पुलिस को दी।
सोमवार की सुबह करीब पांच बजे गांव से पांच सौ मीटर दूरी पर बक्सा खाली मिले। घायल राजेश व दीपू को अस्पताल से सैफई रेफर कर दिया गया। सुबह फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इन दो घटनाओं के साथ ही पड़ोस के गांव किशनपुर गढिय़ा में विधवा गुड़िया के घर बदमाश घुस गए। वहां से भी बदमाश पांच हजार रुपये का सामान ले गए। यहां से भी बदमाश बक्सा ले गए जो सुबह खेत में पड़ा मिला।
वहीं एसपी अजय शंकर राय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर थाना पुलिस को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने वारदात को चोरी की धाराओं में दर्ज किया है। ग्रामीणों के अनुसार बदमाशों की संख्या 10 से 12 के बीच थी।