आगरा के सदर बाजार में खरीदारी के लिए आई महिला से बाइकर्स गैंग ने आईफोन लूट लिया। महिला ने बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। आरोपी बाइक सवार ऑनलाइन फूड डिलीवर कंपनी का बैग अपनी पीठ पर टांगे हुए था। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश में लगी है।
विज्ञापन
फुलट्टी बाजार निवासी ओशिन वर्मा ने बताया कि रविवार शाम 5:30 बजे बाजार में सामान खरीदने के लिए सदर बाजार आई थी। एचडीएफसी बैंक के सामने से पैदल जा रही थीं। तभी पीछे से बाइक पर एक बदमाश आया। उसने झपट्टा मारकर आईफोन लूट लिया। आरोपी की पीठ पर आनलाइन फूड डिलीवर कंपनी का बैग लटका हुआ था। वह उसके पीछे दाैड़ी। शोर भी मचाया। इस पर लोग जुट गए, लेकिन आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका।
वह सीओडी की तरफ भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के कैमरों की जांच की। फुटेज जांचने पर आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सदर क्षेत्र में यह दूसरी घटना है। पूर्व में मधु नगर क्षेत्र में महिला से चेन लूट ली गई थी। हालांकि चोरी का केस दर्ज किया गया था। मामले की जानकारी पर चाैकी प्रभारी पर कार्रवाई की गई थी।