मैनपुरी। मैनपुरी और बेवर डिपो से कुल 64 बसें चुनाव ड्यूटी में भेजी गई हैं। इससे बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधानसभा चुनाव के लिए मैनपुरी और बेवर डिपो से बसों को भेजा गया है। भेजी गई रोडवेज की बसें अंतिम चरण का मतदान कराने के बाद ही लौटेंगी। रोडवेज बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को बस स्टैंड पर घंटों बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। बस स्टैंड पर बस पहुंचते ही उसमें बैठने के लिए यात्रियों में मारामारी मचने लग जाती है। बसों की संख्या कम होने से रोडवेज ने कुछ मार्गोँ पर बसों के फेरे बढ़ाए हैं, लेकिन यह सुविधा यात्रियों के लिए कारगर नहीं हो पा रही है।
अच्छी कंडीशन की बसें भेजीं
विधानसभा चुनाव के लिए अच्छी कंडीशन वाली 64 बसें भेजी गई हैं। मैनपुरी डिपो से 40 तथा बेवर डिपो से 24 बसें चुनाव ड्यूटी के लिए भेजी जा चुकी हैं। मैनपुरी डिपो में कुल 66 तथा बेवर डिपो में कुल 53 बसें शेष हैं।
आगरा जाने के लिए दो घंटे से कोई बस नहीं आई है। परिवार सहित शादी में शामिल होने के लिए जाना है। बस नहीं मिलने से परेशानी हो रही है।
अनिल कुमार, पचौरी कंपाउंड
कानपुर जाने के लिए तीन घंटे से कोई बस नहीं आई है। कानपुर में डॉक्टर से मिलने का समय ले लिया है। समय से पहुंचना मुश्किल है।
प्रदीप पचौरी, कचहरी रोड
कलकत्ता जाने के लिए दिल्ली से रिजर्वेशन है। दो घंटे से दिल्ली के लिए बस नहीं है। बस समय से नहीं मिली तो रिजर्वेशन बेकार हो जाएगा।
पवन शर्मा, रामलीला मैदान
इटावा जाने के लिए बसों की संख्या पहले से ही कम है। चुनाव ड्यूटी में बसें जाने से बसें और कम हो गई हैं। यात्रियों को परेशानी हो रही है।
कुंवरपाल, सिविल लाइन इटावा