मैनपुरी। परिवहन विभाग ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक से डिपो में तैनात संविदा चालक और परिचालकों का ब्योरा सहित आख्या मांगी है। अब एआरएम द्वारा भेजी जाने वाली आख्या ही संविदा कर्मचारियों की नौकरी का भविष्य तय करेगी।
रोडवेज में अधिकांश चालक और परिचालक संविदा पर काम कर रहे हैं। लंबे समय से संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों के संबंध में परिवहन विभाग ने डिपो प्रभारियों से संविदा के चालकों और परिचालकों के संबंध में ब्योरा सहित आख्या मांगी है।
मुख्यालय द्वारा तय किए गए प्रारूप पर बिंदुवार स्पष्ट आख्या देने के लिए डिपो प्रभारियों और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश दिए गए हैं। प्रारूप में संविदा कर्मचारी के तैनाती के दौरान किए गए आचरण पर डिपो प्रभारी और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को रिपोर्ट के साथ खुद की स्पष्ट राय देने को कहा गया है।
दो डिपो में हैं 418 संविदाकर्मी
जिले में रोडवेज के मैनपुरी और बेवर डिपो संचालित हैं। मैनपुरी डिपो में 135 संविदा चालक और 120 परिचालक हैं। बेवर डिपो में 75 संविदा चालक और 88 परिचालक हैं। मैनपुरी डिपो में 72 और बेवर डिपो में 57 रोडवेज की बसों का बेड़ा है।
नियमित कर्मचारियों की है कमी
नियमित चालक और परिचालक की संख्या कम होने से संविदा के चालक और परिचालक ही अधिकांश बसों का संचालन कर रहे हैं। मैनपुरी डिपो में नियमित 24 चालक और 21 परिचालक हैं। जबकि बेवर डिपो में नियमित 29 चालक और 26 परिचालक हैं।
विभाग द्वारा मांगी गई जानकारी के आधार पर ही संविदा चालकों और परिचालकों का ब्योरा तैयार कर आख्या मुख्यालय भेजी जाएगी। आख्या के आधार पर ही संविदा को आगे बढ़ाया जाएगा।
पीके श्रीवास्तव, एआरएम मैनपुरी।