मैनपुरी में शनिवार-रविवार रात घने कोहरे के कारण दिल्ली से इलाहाबाद जा रही लीडर रोड डिपो की बस जीटी रोड पर अनियंत्रित हो गई। चालक जब तक कुछ कर पाता तब तक बस गांव शरीफपुर के पास जीटी रोड पर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख़ पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोटें नहीं आईं। सभी यात्रियों को दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
बताया गया है कि बस संख्या यूपी 70 ईटी 5649 में 32 यात्री थे सवार थे। बस एटा से कुरावली के लिए रात नौ बजे के करीब रवाना हुई। इन दिनों जीटी रोड निर्माणाधीन हैं। जैसे ही बस जीटी रोड पर शरीफपुर के पास पहुंची सड़क पर पड़ी गिट्टी के निकट अनियंत्रित होकर गिट्टी के ऊपर पलट गई।
माना जा रहा है कि गिट्टी न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बस चालक जितेंद्र और परिचालक खड्ग सिंह ने हादसे की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना करने के बाद पलटी हुई बस को क्रेन बुलाकर खड़ा कराया। बस पलटने से उसके शीशे टूट गए।