सीएम ग्रिड की सड़कें धंसीं, एंबुलेंस और कारें फंसीं
आगरा। बारिश ने निर्माणाधीन सीएम ग्रिड की सड़कों की गुणवत्ता की पोल खोल दी। बृहस्पतिवार को टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार तक निर्माणाधीन 100 फुटा रोड धंसने से सरकारी एंबुलेंस गड्ढे में फंस गई। गनीमत रही कि उस दौरान एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था। क्रेन की मदद से एंबुलेंस को बाहर निकाला गया। वहीं विभव नगर स्थित रेडियो स्टेशन के पास भी सीएम ग्रिड की सड़क धंसने से दो कारें फंस गईं।
तीन दिन पहले डीएम मनीष बंसल ने टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार, हरीपर्वत से दिल्ली गेट, बसई से इंद्रापुरम और सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट रोड तक चल रहे सीएम ग्रिड के काम की समीक्षा की थी। इनमें टेढ़ी बगिया और हरीपर्वत रोड का काम सबसे खराब पाया गया था। डीएम की फटकार के बाद भी दोनों जगह कोई सुधार नहीं किया गया।
बारिश के बाद बृहस्पतिवार को टेढ़ी बगिया पर एंबुलेंस फंस गई। क्षेत्रीय निवासी राजेंद्र कुशवाह ने बताया कि कालिंदी विहार रोड पर खुदी पड़ी सड़क पर पानी भरने से कीचड़ और दलदल हो गया, जिससे यहां रहने वाले 50 हजार से ज्यादा लोग परेशान रहे। कई बाइक सवार फिसलकर गिर पड़े। एंबुलेंस के अलावा मिनी ट्रक भी दोपहर में फंस गया, जिसे क्रेन से निकाला गया। मिनी ट्रक से पहले ट्रॉला निकलने से नाला धंस गया।
-
बाइक सवार फिसलकर गिरे
सीएम ग्रिड के तहत सड़क निर्माण का काम अमर होटल से राजपुर चुंगी के बीच किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को रेडियो स्टेशन के सामने सड़क धंस गई। यहां से निकल रहीं दो कारें फंस गईं, जिन्हें क्रेन से बाहर निकलवाया गया। वहीं सड़क पर मिट्टी छोड़ देने से तीन बाइक सवार भी फिसलकर गिर गए। क्षेत्रीय निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता देवकी नंदन सोन ने बताया कि चौधरी गार्डन की ओर सड़क पर गड्ढे होने से यहां रहने वालों को दिक्कतें हो रही हैं। सीएम ग्रिड के काम में लापरवाही बरती जा रही है।
बर्दाश्त नहीं की जाएगी लापरवाही
- सीएम ग्रिड के काम में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क पर जिन जगहों पर मिट्टी धंसी है, वहां तत्काल गिट्टी डालने और भराव कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुधार न होने पर जुर्माना लगाया जाएगा। - संतोष कुमार वैश्य, नगर आयुक्त