अगले महीने होने वाले ऐतिहासिक जनकपुरी महोत्सव के लिए नगर निगम 4.6 करोड़ रुपये से क्षेत्र की सड़कों और नाले-नालियों को दुरुस्त कराएगा। रामलीला मैदान से कमलानगर के बीच की सड़कों को बनवाया जाएगा। साथ ही कई जगह टूटी नालियों की मरम्मत के साथ ही नई नालियां भी बनवाई जाएंगी। निगम ने बृहस्पतिवार को इसके लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं।
मुख्य अभियंता निर्माण बीएल गुप्ता ने बताया कि हरीपर्वत जोन के इन कार्यों के लिए 28 अगस्त को निविदाएं खोली जाएंगी। सभी कार्यों को जनकपुरी महोत्सव शुरू होने से पहले पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। बताया कि कमला नगर ई-ब्लॉक सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल से पानी की टंकी रोड तक, आईडीबीआई बैंक से जैन पार्क एवं लिंक रोड, कक्ष संख्या 80 कमला नगर सेंट्रल बैंक रोड पर राष्ट्रीय राजमार्ग से कमला नगर मुख्य मार्ग तक, कमला नगर सी-ब्लॉक राष्ट्रीय राजमार्ग से श्रीराम मंदिर चौक एवं लिंक रोड तक हॉट मिक्स से सड़कों का सुधार कार्य कराया जाएगा।
इसी तरह महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से बृज रसायन तक, कमला नगर बी-ब्लॉक में मकान संख्या बी-110 से मकान संख्या बी-94 होते हुए इंडियन ओवरसीज बैंक तक, कमला नगर डी-ब्लॉक में मकान संख्या-521 से डी-532 तक, डी-541 से डी-580 तक, दिलीप मेडिकल से कावेरी मंदिर तक एवं लिंक रोड, मकान संख्या बी-653 से ए-638 होते हुए मकान संख्या ए-728 तक एवं मधुवन पार्क के चारों ओर हॉट मिक्स से कार्य होगा।
इसके अलावा कमला नगर के ए-ब्लॉक डबल स्टोरी की आंतरिक सड़कें, नाली की मरम्मत एवं साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य, कमला नगर ब्लॉक-बी से मकान संख्या-110 से मकान संख्या-94 होते हुए कमला नगर मुख्य मार्केट तक नाली मरम्मत एवं साइड पटरी पर इंटरलाकिंग, वार्ड संख्या अस्सी में दिलीप मेडिकल से हाइडिल कालोनी मोड़ तक साइड पटरी इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाएगा।
वहीं, कक्ष संख्या 80 एवं 94 में कमला नगर सेंट्रल बैंक रोड, सी ब्लॉक में पानी की टंकी रोड के अलावा विभिन्न स्थानों पर इंटरलॉकिंग सुधार कार्य, वार्ड संख्या 84 कावेरी कुंज में मकान संख्या ई-पांच से चंद्रमुखी अपार्टमेंट होते हुए टेलीफोन एक्सटेंशन तक और मुरारी लाल अग्रवाल के मकान से चंद्रमुखी अपार्टमेंट तक सीसी निर्माण कार्य कराया जाएगा। वार्ड-80 में शिवम पार्क के पास नाला मरम्मत व विभिन्न स्थानों पर एवं कमला नगर में मुगल रोड से सेंट्रल बैंक रोड तक नाले को ढकने का कार्य किया जाएगा।