कासगंज एक वाहन पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाते एआरटीओ
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन वाहनों में रिफलेक्टर लगाए गए। वहीं ओवरलोड 3 वाहनों के चालान काटे गए। इसके अतिरिक्त तीन डग्गेमार बसों सहित 23 वाहनों के चालान काटे गए। वहीं चालकों को सड़क यातायात के नियमों का पालन करने की नसीहत दी गई।
एआरटीओ राजेश राजपूत ने कहा कि रात्रि में सड़क किनारे अनाधिकृत खड़े हुए सड़क सुरक्षा के लिए खतरा हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी वाहनों में रिफलेक्टर लगे हों, जिससे पीछे से आ रहे वाहन चालक सतर्क हो सकें। उन्होंने ऐसे वाहन जिनके पीछे रिफलेक्टर नहीं थे, उनमें रिफलेक्टर टेप लगवाए।
वहीं वाहन चालकों से कहा कि सभी यातायात के नियमों का कड़ाई से पालन करें। इससे स्वयं भी सुरक्षित रहेंगे और दूसरे भी सुरक्षित होंगे। अधिकांश सड़क हादसे नींद और नशा के कारण होते हैं। नशा की स्थिति में वाहन चलाने से बचें। इस दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों एवं कोविड 19 से बचाव की जानकारी से संबंधित पंफलेट भी बटवाए गए। इस दौरान अन्य कर्मी भी मौजूद रहे।