यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के नोएडा से आगरा की तरफ आ रही बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सड़क से नीचे गिर गई। हादसे में 16 यात्री घायल हो गए। पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में दो युवक नेपाल के निवासी हैं। हादसा मथुरा के नौहझील क्षेत्र में हुआ।
शनिवार को पंजाब के लुधियाना से एक बस 65 यात्रियों को लेकर दिल्ली होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी। सुबह 4:10 बजे थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 62 पर गांव अवाखेड़ा के निकट चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
गांव अवाखेड़ा निवासी गुलवीर सिंह सरपंच ने बताया कि सुबह खेतों पर टहलने जा रहे थे। तभी एक्सप्रेसवे की तरफ से हादसा होने की तेज आवाज आई। दौड़ कर देखा तो बस सड़क से नीचे गिरी हुई थी। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच रही थी। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि बस हादसे में करीब 16 लोग घायल हैं। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि बस चालक को नींद की झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर पलटी है।
ये हुए हैं घायल
विपिन निवासी कप्तानगंज कुशीनगर, रंजीत यादव व तुनीस निवासी समस्तीपुर, बिहार, विश्वेसर निवासी अदनापुर, विस्सा निवासी समस्तीपुर, बिहार, शिवकुमार निवासी शंकरपुर, मधेपुरा, रेनू पुत्री क्रिश कुमार निवासी जरवल रोड, बहराइच, बबलू निवासी कुर्सिया, बिहार, अमर कुमार मंडल निवासी कुर्सिया, बिहार, भिक्कीराम निवासी सदर सिटी पूनिया, बिहार, रामसेवक यादव निवासी मधुवनी, बिहार, प्रदीप निवासी त्रिवेणीगंज सिपोल, बिहार, राजेंद्र मेहता निवासी सरायघर सिपोल, बिहार, मनीचंद्र निवासी सिरहा, नेपाल, सुनील निवासी बरसाइन सप्ताटी नेपाल घायल हुए हैं।