.ताजमहल में आरओ प्लांट बंद होने पर पानी के लिए भटकते पर्यटक। संवाद
आगरा। ्भीषण गर्मी के बीच ताजमहल का दीदार करने आ रहे पर्यटकों को बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। ताजमहल के पश्चिमी गेट पर अंदर और बाहर लगे आरओ प्लांट बंद होने के कारण देश-विदेश से आने वाले सैलानी पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।
ताजमहल के पश्चिमी गेट पर एएसआई की ओर से पर्यटकों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ प्लांट लगाए गए हैं। पिछले कुछ समय से ये दोनों ही प्लांट बंद पड़े हैं। तापमान अधिक होने के कारण ताजमहल देखने आ रहे बच्चे, महिला और बुजुर्ग पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी की व्यवस्था न होने से पर्यटकों को महंगे दामों पर पानी की बोतलें खरीदनी पड़ रही हैं। ताज के वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर बिंद ने बताया कि आरओ प्लांट की पानी की टंकी और उसका बेस स्टैंड टूट गया था, जिस वजह से जलापूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही पर्यटकों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था को बहाल कर दिया जाएगा।