फतेहाबाद क्षेत्र के गांव रिहावली के जंगल में लगी आग को बुझाते ग्रामीण
फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव रिहावली के जंगल में रविवार शाम अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर कई बीघा जंगल में खड़े हजारों पेड़-पौधे जल गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड, वन विभाग की टीम और ग्रामीण आग बुझाने में जुटे रहे।
जंगल में आग दोपहर करीब तीन बजे लगी। आग की लपटें देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। धूल-मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के चलते आग की लपटें विकराल हो गईं। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड और वन विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। ग्रामीण रमाकांत वर्मा, जनवेद, सुरेंद्र, योगेश, सोनू और अवधेश ने बताया कि कई बीघा जंगल में लगे हजारों पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो गए। आग लगने के कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है। रविवार देर रात तक फायर ब्रिगेड, वन विभाग की टीमें और ग्रामीण आग बुझाने में जुटे हुए थे।