गंजडुंडवारा। कोतवाली क्षेत्र के नगर के मोहल्ला मंसूर निवासी एक चावल व्यापारी ने अपने साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने तिरुपति ट्रेडिंग फर्म मालिक निवासी सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वादी मोहल्ला मंसूर निवासी दोस्त मोहम्मद के अनुसार, उनका राइस मिल प्लांट मोहनपुर रोड गंजडुंडवारा पर स्थित है। वह स्थानीय के साथ अन्य प्रांत से भी चावल व धान मंगाता है। वादी ने बताया कि उसने अपने परिचित यतेंद्र कुमार गुप्ता उर्फ शुड्डू निवासी नया बाजार गंजडुंडवारा के माध्यम से तिरुपति ट्रेडिंग कंपनी सिलीगुड़ी से चावल का सौदा किया था। व्यापारी ने अपनी फर्म उमरा राइस मिल के भारतीय स्टेट बैंक खाते से 1.60 लाख रुपये सिलीगुड़ी की तिरुपति फर्म के खाते में हस्तांतरित कर दिए और 89,500 रुपये यूपीआई से भेजे। इसके बाद एक ट्रक में 298 क्विंटल 65 किलो और दूसरे ट्रक 374 क्विंटल 95 किलो चावल लोड करवाया गया। इसका बिल भी बनवाया। चावल लोड होने के बाद व्यापारी को ट्रक की तस्वीर दिखाई लेकिन थोड़ी देर बाद ही जगतगुरु ट्रेडिंग कंपनी व तिरुपति ट्रेडिंग कंपनी के मालिक ने यतेंद्र गुप्ता से कहलवाया कि उनके खाते में रुपया नहीं आया है और यह कहकर चावल व्यापारी के दोनों ट्रक चालकों को 20-25 आदमी बुलाकर धमकाया और चावल वहीं उतार लिया। अब उन लोगों से फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।