बावरिया गिरोह के इनामी बदमाश को पुलिस ने ऐसी जगह से गिरफ्तार किया, जहां किसी को उसके बारे में कानों कान भनक तक नहीं लग सकी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र के सारंगपुर में करीब दो साल पहले डकैती डालने का आरोपी बावरिया गिरोह का बदमाश इटावा के ईंट-भट्ठे पर छिपकर काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि मार्च 2023 क्षेत्र के गांव सारंगपुर में नेमीचंद्र कुशवाह के यहां डकैती पड़ी थी। बदमाश करीब नकदी, गहने समेत करीब 20 लाख रुपये का सामान ले गए थे। मामले में मुकेश निवासी धनूपुरा थाना कादर चौक, जिला बदायूं वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर डीसीपी पूर्वी की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इधर, बृहस्पतिवार को पुलिस को पता चला कि आरोपी मुकेश इटावा के ईंट भट्ठा पीपरीपुर धार पर नाम बदल कर ईंट निकासी का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया मुकेश बावरिया गिरोह का सक्रिय बदमाश है। मुकेश का भाई आनंद ने बिहार में चार करोड़ के हीरों की चोरी की वारदात की थी। जिसमें वह तिहाड़ जेल में बंद है। फतेहाबाद पुलिस सारंगपुर में हुई वारदात में अब तक पप्पू निवासी पिनाहट, ,राधाकिशन निवासी औरैया, अमन गुप्ता निवासी बोदला, आगरा, नेता उर्फ नेतराम निवासी धनूपुरा, थाना कादरचौक, बदाऊं को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बृहस्पतिवार को पकड़े गए मुकेश के खिलाफ 5 मुकदमे दर्ज है। जिसमें दो बदायूं और एक-एक केस फतेहाबाद, डौकी और बाह में दर्ज हैं।