औंछा। क्षेत्र में हो रहे मिट्टी के अवैध खनन की शनिवार को राजस्व टीम ने जांच की। टीम के सदस्यों ने मिट्टी उठान वाले स्थान की लंबाई, चौड़ाई और गहराई नापी। टीम अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपेगी। औंछा क्षेत्र में माफिया लगातार मिट्टी का खनन कर रहे हैं। इससे यहां जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं।
शनिवार को अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से अवैध खनन की खबर को प्रकाशित किया था। खबर का जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। शनिवार को एसडीएम घिरोर अनिल कुमार कटियार के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल जगत सिंह वर्मा, महेश यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच की। लेखपाल जगत सिंह वर्मा ने बताया कि वह अपनी जांच रिपोर्ट एसडीएम को सौंपेगे।
थाने के पास कैसे हो गया खनन
माफिया ने थाने से कुछ दूरी पर भी मिट्टी का जमकर खनन किया है। जांच टीम ने जहां पहुंचकर छानबीन की। साथ ही आश्चर्य जताया कि थाने के पास मिट्टी का खनन कैसे हो गया।
किसी भी कीमत पर अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है। माफिया को चिह्नित करके कार्रवाई की जाएगी।
-अनिल कुमार कटियार, एसडीएम घिरोर।