कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हुल्का में तीन दिन पहले गाली करने से मना करने पर राजस्व निरीक्षक की आरोपियों ने पिटाई कर दी। मामले में राजस्व निरीक्षक ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। राजस्व निरीक्षक अनवर अली ने बताया कि उनकी तैनाती सोरोंजी में है। वह 25 फरवरी की रात महाशिवरात्रि की ड्यूटी कर लहरा घाट से अपने घर रात करीब 9:50 पहुंचे। उनके घर के बाहर कुछ लोग गाली-गलौज कर रहे थे। उनका आरोप है कि विरोध करने पर पांचों आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। चीख पुकार की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी उसे बचाने के लिए उसकी ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मामले में राजस्व निरीक्षक ने मुन्नी, नदीम, गिलहरी, समीर व एक अज्ञात को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी। इसके साथ घटना के सीसी टीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए्र। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी ने बताया कि राजस्व निरीक्षक की पिटाई के मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।