कासगंज। जिले में रमजान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मस्जिदों की सफाई, पुताई कार्य पूरा कर लिया गया है। मस्जिदों में रमजान की फजीलतें आरंभ हो गई। अब चांद के दीदार का इंतजार है। यदि चांद दिखाई दे गया तो शनिवार को तरावीह शुरू हो जाएगी। रमजान पर्व को लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। लोग इस माह में रोजा रखने के लिए अपनी तैयारियों में जुटे रहे। इसी के साथ मस्जिदों में सफाई का कार्य भी करा लिया गया। अब मस्जिदों को सजाना शेष रह गया है। पटियाली में शुक्रवार की नमाज में मौलाना जैद मदनी ने बताया कि कैलेंडर के हिसाब से चांद का दीदार हो जाएगा और चांद का दीदार करने के बाद से मस्जिदों में तरावीह की नमाज पढ़नी शुरू हो जाएगी। रविवार को पहला रोजा रखा जाएगा। यह माह काफी पवित्र होता है। अल्लाह अपनी नेमतों के दरवाजे खोल देता है। इस माह में अपने गुनाहों से तौबा कर के अल्लाह को राजी कर लें। इस दौरान हाजी जलालुद्दीन मंसूरी, बशीर मंसूरी, खालिद पहलवान, मुकीम अब्बासी, वाहिद अंसारी, सज्जाद सिद्दीकी आदि नमाजी मौजूद रहे।