मथुरा के थाना मांट क्षेत्र के अंतर्गत बीती देर रात को मांट-नौहझील मार्ग पर नगला घूरे के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंद दिया, बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दोनों मृतक शनिदेव कोकिलावन से दर्शन कर लौट रहे थे।
शनिवार देर रात को थाना मांट क्षेत्र के अंतर्गत मांट-नौहझील मार्ग पर नगला घूरे के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंद दिया। बाइक सवार अलीगढ़ के गभाना निवासी रोहित कुमार पुत्र अजय वर्मा उम्र 20 वर्ष निवासी रामपुर थाना गभाना और ओमप्रकाश पुत्र रूप सिंह निवासी नारुउ थाना छतारी की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर मांट पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मांट थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे की जांच की जा रही है। मृतक ओमप्रकाश के भाई नानक ने बताया कि दोनों मित्र थे और दर्शन कर लौट रहे थे।