मैनपुरी के थाना भोगांव क्षेत्र के रहने वाले एक सेवानिवृत्त दरोगा हनीट्रैप का शिकार हो गए। एक अंजान वीडियो कॉल उठाने के बाद ब्लैकमेलिंग शुरू हुई, दरोगा से 3.47 लाख रुपये हड़प लिए गए। शिकायत दर्ज करने के बाद साइबर सेल की टीम जांच में जुट गई है।
भोगांव क्षेत्र में जीटी रोड पडुआ चौराहा के पास रहने वाले पीड़ित ने बताया कि 12 जनवरी को वह घर पर थे, तभी एक व्हाट्सअप कॉल आई। एक लड़की की आवाज आई और कहा कि वह उनकी रिश्तेदार बोल रही है। इसके कुछ देर बाद वीडियो कॉल आई, उन्होंने कॉल उठाई, उसमें एक युवती आपत्तिजनक अवस्था में दिखाई दी। उन्होंने कॉल काट दी। करीब 40 मिनट बाद एक नंबर से कॉल आई और कहा गया कि मेरी मां बीमार है, एक लाख रुपये दे दो, नहीं तो तुम्हारा आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर दूंगी। दरोगा ने मना कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि अगले दिन 13 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे उनके पास उनका आपत्तिजनक वीडियो भेजा, जो कि एआई से एडिट किया गया था। दो लड़कियों ने फोन पर उन्हें धमकी दी कि अगर रुपये नहीं भेजे तो वीडियो वायरल कर बदनाम और बर्बाद कर देगें। उन्होंने बताए गए खातों में करीब 3.47 लाख रुपये भेजे। पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।