दन्नाहार। थाना क्षेत्र में ईशन नदी किनारे बुधवार की सुबह सीआरपीएफ के रिटायर्ड सिपाही का शव शीशम के पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। वह एक साल से गांव उझैया फकीरपुर में बहन के घर रह रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जनपद फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव लखरऊआ निवासी 42 वर्षीय देव सिंह भदौरिया सीआरपीएफ में सिपाही थे। चार वर्ष पूर्व मानसिक स्वास्थ्य ठीक न रहने की वजह से उन्हें सेवा से हटा दिया गया था। पत्नी से भी अनबन रहने के कारण करीब एक वर्ष से थाना क्षेत्र के गांव उझैया फकीरपुर में बहन माधुरी चौहान के यहां रह रहे थे। मंगलवार की रात वह किसी समय घर से निकल गए। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव से करीब दो किलोमीटर दूर नदी किनारे देव सिंह का शव शीशम के पेड़ से लटका देखा। पुलिस भी मौके पर आ गई, शव को फंदा से उतारने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों के अनुसार देवसिंह ने वारिस के तौर पर भांजे का नाम दर्ज करा रखा था, जिस कारण पत्नी मायके चली गई थी।